सिद्धौर (बाराबंकी)। कोठी थाना क्षेत्र में बक्सांवा मोड़ के पास सोमवार की देर शाम दो बाइकों की टक्कर में बैनामा लेखक समेत दो की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के पूरे रूद्र निवासी बैनामा लेखक सुनील कुमार (34) सोमवार की देर शाम बाइक से हैदरगढ़ तहसील से घर लौट रहा था। वहीं थाना क्षेत्र के महादेवन पुरवा ससुराल आया दरियाबाद थाना क्षेत्र के पूरे भुजई मजरे सैदखानपुर निवासी रामू (35) भी कोठी चौराहे से तेज रफ्तार बाइक से लौट रहा था।
इसी दौरान बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर बक्सावां मोड़ के पास दोनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी कोठी में भर्ती कराया। वहां उनकी हालत देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
वहां इलाज के दौरान रामू व ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में सुनील की मौत हो गई। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। इसकी सूचना पहुंचते ही दोनों घरों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक संजीत कुमार सोनकर ने बताया कि दोनों बाइक सवार की मौत इलाज के दौरान होने की सूचना मिली है। संवाद