सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। पंजरौली माइनर में हाथ बंधा एक युवती का शव पड़ा मिला। मौके के हालात दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या कर शव फेंके जाने की ओर इशारा कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है। मामला बदोसरायं कोतवाली से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित पंजरौली चौराहे के पास का है।
यहां पर शारदा सहायक नहर से निकली पंजरौली माइनर में शनिवार सुबह एक युवती का दुपट्टे से हाथ बंधा शव मिला। उसके एक पैर में भी रस्सी बंधी थी। तो शरीर पर एक भी कपड़े नहीं थे। मौके के हालात दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका की ओर साफ इशारा कर रहे थे। हालांकि शव कई दिन पुराना होने से उसके चेहरे से पहचान नहीं हो सकी।
माइनर में शव उतराता देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर मौके पर पहुंचे सीओ दिनेश कुमार दूबे, एसओ अमित मिश्रा ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। सीओ दिनेश दूबे ने बताया कि युवती की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। शव सीतापुर की ओर से बहकर यहां तक आया है। शव के करीब 20 दिन पुराना होने से उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
शव ठिकाने लगाने का डंम्पिंग जोन बनी नहर
शारदा सहायक शाखा दरियाबाद की जुड़वा नहरें शव को ठिकाने लगाने का डंपिंग केंद्र बन गई हैं। आए दिन यहां पर शव मिलते हैं। कुछ के झाल में फंसने पर पुलिस मजबूरन उनका पोस्टमार्टम कराती है। जबकि कई शव को धक्के देकर थाने की सीमा पार कराने में पुलिस कर्मी पीछे नहीं रहते। बीते दो माह की बात करें तो करीब आधा दर्जन शव मिले हैं। कई शव की शिनाख्त भी हुई। मगर, मामला दूसरे थाना क्षेत्र से जुड़ा होने को लेकर पुलिस अभी तक उनका खुलासा नहीं कर सकी।
बाग में मिला अधेड़ का शव
जैदपुर। संदिग्ध दशा में एक अधेड़ का शव शनिवार को टिकरा गांव के पास स्थित बाग में मिला। इसकी सूचना पर पहुंची जैदपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त थाना क्षेत्र के ही ईचौलिया निवासी अयोध्या प्रसाद शर्मा (55) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों की मुताबिक, अयोध्या मार्फीन का आदी थी। अक्सर टिकरा मार्फीन लेने आता था। प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक नशेड़ी का शव टिकरा गांव में पाया गया था। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)