इसरौली (बाराबंकी)। अपने घर से छह दिन से लापता एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला है। बुधवार को मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। युवक सीतापुर जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने इस बारे में मृतक के परिजनों को भी सूचित किया है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टाण्डा निजाम अली में बुधवार दोपहर एक युवक का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की है। मृतक की पहचान ग्राम रमपुरवा थाना रामपुर कला जिला सीतापुर निवासी मन्नालाल चौहान (44) पुत्र गोकरन लाल के रूप में हुई।
मौके पर पहुंचे मृतक के भाई राहुल ने बताया कि मन्ना छह दिन पूर्व घर से निकले थे उनका कुछ पता न लगने पर इस बारे में पुलिस को बताया गया था। हालांकि भाई ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। इनका कहना है कि मन्नालाल यहां कैसे पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई है, यह सब पुलिस जांच के बाद ही पता लग सकेगा। इस संबंध में कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि मन्ना की मौत स्वाभाविक लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)