एक दिन पूर्व घर से लापता हुए युवक की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। यही नहीं आरोपियों ने युवक की दोनों आंखें निकाल लीं व उसके शव को जलाने का प्रयास किया। सोमवार की शाम युवक का शव गांव से कुछ दूर स्थित नहर किनारे खेत में पड़ा मिला है।
वारदात की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। मृतक के परिवारीजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
दरियाबाद थाना क्षेत्र के बक्सूपुर गांव निवासी रंजीत लोध(23) पुत्र रामतीरथ रविवार की शाम अपने घर से निकला था। इसके बाद गांव के संतराम की किराना दुकान पर रंजीत किसी से मोबाइल पर बात करने करने के बाद कहीं चला गया।
देर रात तक जब रंजीत घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश की लेकिन पता नहीं लग सका। सोमवार की शाम करीब चार बजे जटहा गांव के पास माइनर किनारे खेत में रंजीत का क्षत विक्षत शव पड़ा देखा गया।
ग्रामीणों ने मृतक केे परिवारीजनों व पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद एएसपी दक्षिणी शफीक अहमद, सीओ जावेद खान ने मौके का जायजा लिया। मृतक के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शव जलाने का किया गया प्रयास
हत्या आरोपियों ने रंजीत पर चाकू से कई वार कर उसे मौत के घाट उतारा है। इसके बाद आरोपियों ने युवक की दोनों आंखें निकालकर उसके शव को भी जलाने का प्रयास किया। जिस निर्दयता से यह हत्या की गई है उससे साफ है कि हत्या आरोपी युवक से काफी नाराज थे।
वारदात के पीछे नाजायज संबंध व जमीनी विवाद होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि हत्या के पीछे का कारण पुलिस की जांच के बाद ही पता लग सकेगा। चार भाई व दो बहनों में रंजीत सबका प्रिय व काफी सरल स्वभाव और मिलनसार बताया जाता है।
चार अप्रैल को सऊदी अरब जाने की तैयारी में था रंजीत
मृतक रंजीत दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। अभी कुछ दिन पूर्व ही रंजीत घर आया था और अब अगामी चार अप्रैल को वह सऊदी अरब जाने की तैयारी में था। विदेश जाने के लिए रंजीत ने पूरी तैयारी की थी पासपोर्ट, बीजा बनवाने के साथ फ्लाइट का टिकट भी कराया गया था।
दरियाबाद थाना क्षेत्र के बक्सावां गांव निवासी एक युवक की हत्या करने के बाद आंख निकाल ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे भूमि विवाद व नाजायज संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी इस बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बताया जा सकता है। -शफीक अहमद, एएसपी दक्षिणी