लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग पर विपरीत दिशा से आई दो ट्रकों की सामने से हुई टक्कर में घायल ट्रक चालक को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेेजा गया है। दोनाें ट्रको के बीच मार्ग पर ही खड़े रहने से शनिवार दोपहर तक राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध रहा तथा रातभर छोटे वाहन गांवों से होकर लिंक मार्ग से निकाले गए जबकि भार वाहन व बसें घंटो जाम में फंसी रहीं। पुलिस ने जेसीबी मशीन से ट्रक को किनारे करवाकर मार्ग पर आवागमन बहाल करा दिया है।
शुक्रवार की रात करीब एक बजे लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग पर कोतवाली के बारा गांव के समीप कानपुर से सब्जी लादकर बिहार की ओर जा रहा ट्रक विपरीत दिशा से आए ट्रक से टकरा गया। सामने से हुई तेज टक्कर के बाद आपस में भिड़े ट्रक शनिवार की दोपहर करीब 11 बजे तक दोनों ट्रक बीच मार्ग पर ही खड़े रहे जिससे राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सब्जी लादे ट्रक के केबिन से कानपुर के जोरावर का पुरवा गांव निवासी चालक को घायल अवस्था में निकालकर सीएचसी पहुंचाया। जहां से गंभीर अवस्था में इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। लेकिन ट्रकों को नहीं हटाए जाने से राजमार्ग पर जाम बना रहा है।
बारा गांव के पुर्व सुल्तानपुर की ओर हैदरगढ़ तक तथा दूसरी ओर लोनीकटरा तक बड़े छोटे वाहनो की लंबी लाइन लगी रही। काफी समय तक जाम में फंसे रहने के बाद छोटे वाहन गांवों के लिंक मार्ग से होकर अपने गंतव्य को पहुंचने का प्रयास करते रहे लेकिन ट्रक व कई बसें रात को घंटो जाम में फंसी रही।
सुबह कोतवाली पुलिस ने कस्बे के मुख्य चौराहे से बाराबंकी व लोनीकटरा पुलिस ने दहिला पोखरा मार्ग से वाहनों का डायवर्ट किया। शनिवार को दिन में ग्यारह बजे जेसीबी मशीन से ट्रकों को किनारे किए जाने पर राजमार्ग का अवरोध दोपहर दो बजे सामाप्त हो सका। स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात से अगले दिन तक करीब बारह घंटे तक राजमार्ग जाम रहा है।