जानकारी के अनुसार अहरिया गांव निवासी सितारेहिंद शनिवार सुबह अकबरपुर की तरफ ट्रॉली ट्रैक्टर से मोरंग लादकर जा रहा था। मौहरिया खानपुर गांव के पास अकबरपुर जलालपुर मुख्य मार्ग पर पहुंचा था कि इसी बीच जलालपुर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक आ गई।
अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे ट्रॉली क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रैक्टर बगल स्थित गड्डे में जाकर पलट गई। ट्रॉली में मोरंग लदा था। महरुआ थाना क्षेत्र के बरामदपुर जरियारी गांव निवासी मुन्नीलाल (40) पुत्र गयादीन ट्रॉली पर बैठा था। टक्कर लगने के बाद वह ट्रॉली से उछल कर नीचे गिर पड़ा, और ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। टक्कर की आवाज सुनकर आस पास के लोग इकठ्ठा हो गए।
ट्रैक्टर के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला गया। उपचार के लिए सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चालक को भी चोटें आयी हैं। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर जलालपुर की तरफ भागने में सफल रहा। मृतक के परिजनों अकबरपुर थाने में अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्घ तहरीर दे दी है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।