शहर कोतवाली के बंकी कस्बे में मिलावटी शराब बनाकर बेेंचने के मामले मेें आरोपी रहे दो शराब माफिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन दोनों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। वहीं इस मामले का मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस पकड़ में नहीं आ सका है।
बताते चलें कि इसी वर्ष जनवरी माह में कोतवाली पुलिस ने बंकी कस्बा स्थित संजय जायसवाल के शराब की दुकान से विभिन्न ब्रांड की एक पिकअप नकली व मिलावटी शराब बरामद की थी। इसके बाद पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों को जेल भेजा था लेकिन मुख्य आरोपी संजय जायसवाल व अन्य फरार थे। पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर की कार्रवाई भी की है।
इस मामले के आरोपी विनय जायसवाल पुत्र रूपनरायन निवासी कृष्णानगर कोतवाली नगर व हीरालाल जायसवाल निवासी 255/45 मोहल्ला रकाबगंज लखनऊ को शनिवार की देर रात पकड़ा है। कोतवाल बीपी यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। वहीं मुख्य आरोपी संजय जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।