रेलवे स्टेशन स्थित बड़ी मस्जिद में शुक्रवार को जुुम्मे की नमाज अता कराने जा रहे इमाम की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, रामगनर थाना क्षेत्र में चचरी पुल के पास बाइक सवार की बालू लदी ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ंत हो गई, जिसमें युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ट्रक व ट्रैक्टर ट्राली के चालकों की तलाश में जुटी है दोनों ही हादसों में किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सफदरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा रसौली निवासी मुफ्ती नजीर अहमद (65) रेलवे स्टेशन स्थित बड़ी मस्जिद के इमाम थे। शुक्रवार को नमाज अता कराने के लिए वह अपने बेटे जमीर अहमद (35) के साथ बाइक से निकले थे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के पल्हरी चौराहे के पास एक पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने इमाम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरा हादसा रामनगर थाना क्षेत्र के चचरीपुल के पास हुआ। क्षेत्र के सिलौटा गांव निवासी अजीत अवस्थी (26) पुत्र राजेश अवस्थी शुक्रवार को बाइक से गनेशपुर चौराहे से अपने घर लौट रहा था।
मरकामऊ-चौकाघाट मार्ग पर बालू लादकर जा रही ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ंत हो गई। हादसे में घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ही हादसों में सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के दौरान किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने दी जान
सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रमनगरा मजरे नसीरगनर निवइासी रामकरन (28) पुत्र पुत्तीलाल ने शुक्रवार सुबह राजापुर रेलवे क्रासिंग के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। ग्रामीणों का कहना है कि युवक का किसी बात को लेकर कई दिनों से उसके भाइयों से झगड़ा चल रहा था। शुक्रवार को भी भाई व पत्नी अल्का से कहासुनी हुई थी। जिसके बाद युवक ने यह कदम उठाया है। सूचना पर पहुंची सफदरगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष्य पंकज सिंह का कहना है मामले में किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।