लोनीकटरा क्रॉसिंग पर डीसीएम ट्रक के फंसने से लखनऊ सुल्तानपुर रेल लाइन अवरुद्ध हो गई। जेसीबी से डीसीएम को हटाने तक दो सवारी ट्रेन व एक मालगाड़ी को अलग अलग स्टेशनों पर रोके रखा गया। इस दौरान लखनऊ से वाराणसी मार्ग पर वाहनों की करीब बारह किलोमीटर तक लंबी कतार लगी रही। दोपहर बाद करीब सात घंटे बाद जाम से निजात मिल सकी।
बुधवार सुबह करीब सवा सात बजे लखनऊ वाराणसी राजमार्ग पर लोनीकटरा थाने के ठीक सामने रेलवे क्रासिंग के रेल ट्रैक पर लखनऊ जा रहा डीसीएम ट्रक फंस गया। इससे राजमार्ग के दोनों ओर करीब बारह किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई। रेलवे क्रासिंग गेट मैन संजय चौधरी की सूचना पर लखनऊ जीआरपी के ट्रैक इंचार्ज ने मौके पर पहुंच कर जेसीबी मशीन से डीसीएम को हटवा कर रेलवे ट्रैक को खाली कराया।
रेलवे ट्रैक अवरुद्ध होने से लखनऊ की ओर से आई लखनऊ सुल्तानपुर पैसेंजर ट्रेन को छंदरौली तथा सुल्तानपुर की ओर से लखनऊ को जा रही हावड़ा हरिद्वार को त्रिवेदीगंज रेलवे स्टेशन पर करीब एक घंटे से अधिक समय तक रोके रखा गया। सियालदा एक्सप्रेस व एक पैसेंजर भी रेलवे ट्रैक जाम होने के चलते समय से काफी विलंब से पहुंची। रेलवे ट्रैक खोले जाने के बाद राजमार्ग पर रुके वाहनों को जाम से निकालने में काफी परेशानी हुई है।
जाम का असर कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र तक दिखाई दिया तथा कस्बे में दोपहर तक जाम में फंसे वाहनों को निकालने में कोतवाली पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। दोपहर बाद करीब सात घंटे बाद जाम से निजात मिल सकी।
रेलवे क्रासिंग पर डीसीम फंसने के कारण जाम लगा था। ट्रैक खाली होने के बाद आवागमन चालू कराया गया। वाहनों की कतार लंबी होने के कारण यातायात पटरी पर आने में थोड़ा समय लग गया।
अरुण द्विवेदी, एसओ लोनी कटरा