गड्ढे में गिरे पिता-पुत्र की तलाश करते गोताखोर
- फोटो : अमर उजाला
औसानेश्वर-हैदरगढ़ मार्ग पर शुक्रवार की शाम बाइक सड़क किनारे गहरे गड्ढे में गिर गई। गड्ढे में भरे पानी में डूबकर पिता व पुत्री की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को गड्ढे से निकाला। पुलिस उन्हें सीएचसी कोठी भेजा। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कोठी थाना क्षेत्र के अजौवा गांव निवासी संतोष कुमार उर्फ पटेल(35) अपनी पांच वर्षीय पुत्री सौम्या को लेकर शुक्रवार दोपहर हैदरगढ़ से कोठी बाइक से आ रहा था। औसानेश्वर-हैदरगढ़ मार्ग पर बैसन पुरवा गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। जिससे संतोष व सौम्या गड्ढे में भरे पानी में डूब गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला।
पुलिस ने दोनों शवों को सीएचसी कोठी भेजा। यहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संतोष की मौत की खबर सुनकर सीएचसी पर व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। परिवार में एक साथ दो-दो मौत होने से मृतक के घर में कोहराम मचा है।
कोठी कस्बा में ही रहती थी पत्नी व बेटियां
संतोष कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम अजौवा के मूल निवासी था। लेकिन करीब दस साल से वह अपनी पत्नी के साथ कोठी में रहने लगा था। यहीं पर उसने लस्सी व पान की दुकान शुरू की। कस्बा में पटेल की लस्सी काफी मशहूर थी।
इस दौरान उसकी दो पुत्रियों भी हुईं। जिसमें बड़ी पुत्री सौम्या की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले दुकान बंद कर संतोष जनपद जौनपुर के किसी पेट्रोल पंप पर नौकरी करने लगा। जबकि पत्नी व बेटियां यहां कोठी में ही रहती हैं।
चार दिन पूर्व घर आया था
परिवारीजनों ने बताया कि संतोष पटेल करीब चार दिन पहले ड्यूटी से घर आया था। शुक्रवार को वह बड़ी बेटी सौम्या को लेकर हैदरगढ़ किसी रिश्तेदारी में गया था। लेकिन वापसी में हुए रास्ते में पिता व पुत्री की मौत हो गई।