एक किशोरी से घर में घुसकर दुराचार का प्रयास करने के मामले मेें पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता व उसके परिवारीजनों की पिटाई करने के साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने शुक्रवार को एएसपी से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
थाना सतरिख क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक किशोरी के पिता ने एएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि 6 जुलाई की रात को उसके गांव का ही एक युवक घर में घुसकर किशोरी से रेप का प्रयास करने लगा। पीड़िता के शोर मचाने पर परिवारीजन आ गए इस बीच आरोपी भाग निकला।
इसके बाद पीड़िता के परिवारीजनोें ने जब पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद थाने में शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टे पुलिस पीड़िता के परिवारीजनोें पर सुलह करने का दबाव बना रही थी।
शुक्रवार को पीड़िता ने एएसपी उत्तरी कुवंर ज्ञानंजय सिंह को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एएसपी ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश सतरिख पुलिस को दिए हैं।