बाराबंकी में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय शिकायत लेकर पहुंचे सुक्लई निवासी ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के शुक्लई गांव निवासी एक युवक की बीती 26 फरवरी को हत्या कर शव जंगल में फेंका गया था। पुलिस ने चार लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी जिनमें से तीन को जेल भेजा जा चुका है। एक आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार न करने पर मृतक के परिवारीजनों के साथ कई महिलाओं ने बुधवार को एसपी का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
महिलाओें ने कहा कि आरोपी का नाम निकालने के लिए पुलिस द्वारा रिश्वत ली गई है जिसके चलते अभी तक उसे पकड़ा नहीं गया है। एसपी ने मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन देते हुए सभी को शांत कराया।
कोतवाली नगर के शुक्लई गांव के रहने वाले फैय्याज की हत्या कर शव सूत मिल के जंगल में फेेंका गया था। इस मामले मेें तीन को जेल भेजा जा चुका है। वहीं एक आरोपी तालिब को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। मृतक की पत्नी मोमिना अपने बच्चों व कई महिलाओं के साथ बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचीं।
यहां यह लोग पहले एएसपी उत्तरी कुवंर ज्ञानंजय सिंह से मिले। पता लगा कि एसपी साहब कोतवाली गए हैं तो महिलाएं कोतवाली आ गईं। कोतवाली में महिलाओं की भीड़ देख एसपी अब्दुल हमीद ने जब उनकी बात सुनीं तो सभी ने बताया कि हत्या आरोपी एक व्यक्ति को पुलिस पकड़ नहीं रही है।