बाराबंकी। रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह अचानक बम निरोधक दस्ते और भारी पुलिस बल की सक्रियता से हड़कंप मच गया। दस्ते ने करीब दो घंटे तक स्टेशन के चप्पे चप्पे को खंगाला। प्लेटफार्म पर यात्रियों के सामान की चेकिंग के साथ-साथ गोंडा की तरफ जाने वाली चार ट्रेनों के डिब्बों की तलाशी ली गई।
खास बात यह रही कि ट्रेनों के सामान्य और स्लीपर कोच की ही जांच की गई। इस कार्रवाई से दो घंटे तक यात्रियों और रेल कर्मचारियों में अफरातफरी मची रही। स्टेशन पर पूर्व में आतंकवादी की गिरफ्तारी होने से लोग सहमे हुए थे। बताया गया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह रूटीन चेंकिग की गई है।
सूत्रों का कहना है कि ट्रेन से भारी मात्रा में विस्फोटक नेपाल की तरफ ले जाए जाने की सूचना पर इतनी मुस्तैदी से तलाशी ली गई। लखनऊ से आए बम निरोधक दस्ते ने मंगलवार सुबह अचानक रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर चेंकिग शुरू की।
अत्याधुनिक उपकरणों से लैस डाग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ता के साथ जीआरपी व आरपीएफ के जवानों ने स्टेशन के सभी प्लेटफार्म, यात्री काउंटर व वाहन स्टैंड तक चप्पे चप्पे की तलाशी ली। स्टेशन पर पड़े लावारिस सामान की भी मेटल डिटेक्टर से चेंकिग की गई।
दो घंटे से ज्यादा देर तक चली चेंकिग मेें करीब आधा दर्जन ट्रेनों में भी पड़ताल हुई। गोंडा की तरफ जाने वाली गाड़ियों में सवार यात्रियों के सामान की जांच खास तौर पर की गई। जिस यात्री के पास बड़ा बैग या दूसरा सामान था, उसे खोलकर चेक किया गया लेकिन इस दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु मिलने की सूचना नहीं है।