कुमारगंज थाना क्षेत्र के धनैचा पूरे मक्खू खां निवासी आठ वर्षीय मदरसा छात्र का शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की दूसरी पहर घर पहुंचा तो ग्रामीण व परिवारीजन आक्रोशित हो गये। उन्होंने शव को रायबरेली मार्ग पर रखकर रोड जाम व प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने समझा-बुझाकर व कार्यवाही का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। लगभग एक सप्ताह पूर्व मदरसे से पढ़कर वापस लौट रहा धनैचा पूरे मक्खू खां निवासी मदरसा छात्र एहतिशान उर्फ फरीद लापता हो गया था।
सोमवार को छात्र का शव गांव के बगल से गुजर रही नहर में पाया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। मंगलवार को दूसरी पहर पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित परिवारीजन व ग्रामीण उसे लेकर रायबरेली मार्ग पर पहुंच गये और शव को सड़क पर रखकर रोड जाम कर दिया तथा प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि छात्र की पुरानी रंजिश में हत्या की गई है। मृतक के परिवार का गांव के ही एक परिवार से पुराना विवाद चल रहा है। रोड जाम की सूचना पर एसडीएम मिल्कीपुर संतोष कुमार व सीओ मिल्कीपुर देवेंद्र कुमार के साथ भारी तादाद में पुलिस मौके पर पहुंच गई।
एसडीएम व सीओ ने मृतक के परिवारीजनों तथा प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन देकर शांत कराया और रोड जाम खत्म कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में छात्र के शव को दफना दिया गया।
थाना प्रभारी कुमारगंज निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।