टिकरा गांव में गुरुवार की रात तेंदुए की दोबारा दहाड़ सुन ग्रामीण दहशत में आ गए। एक युवक तो घबराकर बेहोश हो गया। शुक्रवार तक तेंदुआ पिंजरे में न फंसने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। जैदपुर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव में गुरुवार को तेंदुआ पकड़ने के लिए वन विभाग द्वारा पिंजरा रखा गया था। पिंजरे में बकरी बांधकर टीम निगरानी करने की बात कहती रही।
उसी रात को वैशपुर गांव के विकास, रिंकू, अंकित, चंकी, अर्पित व मनीष नित्यक्रिया के लिए खेत की ओर गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि तभी अचानक तेंदुआ के दहाड़ने की आवाज सुनाई दी। सभी ग्रामीण गांव की ओर शोर मचाते हुए भाग खड़े हुए। दहशत में आकर मनीष गांव के बाहर बेहोश हो कर गिर पड़ा।
जिसको साथियों ने उठाकर घर पहुंचाया जहां निजी चिकित्सक से इलाज कराया गया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। रेंजर हरख ओम प्रकाश का कहना है कि देर रात दहाड़ सुनने की जानकारी मिली थी। टीम बराबर निगरानी कर रही है। दिन में बकरी खोलवा लिया गया था रात में बांधी जाएगी।