टिकैतनगर विपणन कार्यालय पर शनिवार की देर रात पीडीएफ के गेहूं की बोरियों का गेहूं निकाल कर तौल में नई बोरियों में भर कर एफसीआई के लिए लदवाया जा रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर विधायक के हस्ताक्षेप के बाद मौके पर पहुुंची पुलिस ने गेहूं को बरामद कर उसे सीज कर दिया है। बताया जा रहा है कि करीब दो सौ बोरी अनाज कालाबाजारी के लिए जा रहा था। लंबे स्तर पर अनाज की कालाबाजारी का मामला उजागर होने पर अधिकारियों द्वारा इसकी जांच शुरू की गई है।
शनिवार की देर रात विपणन क्रय केन्द्र पर दो ट्रकों में तौल का गेहूं लादा जा रहा था। देर रात हो रहे इस काम से यहां के लोगो ंको शंका हुई तो मौके पर देखा कि बोरियों को खुलवाकर नयी बोरियों में अनाज भरवाकर ट्रक पर लदवाया जा रहा था। काफी देर बीत जाने के बाद जब पुलिस हरकत में नहीं आयी तो विधायक सतीश शर्मा को बताया गया। उनके संज्ञान में आने के बाद हरकत में आयी पुलिस जब मौके पर पहुंची तब तक विपणन निरीक्षक अपने गोदामों को बन्द कर अपने दो प्राइवेट कर्मचारियों के साथ सबको वहां से हटाकर चले गये थे। लेकिन विधायक की सख्ती के बाद पुलिस ने मौके से लदे दोनों ट्रकों को बदोसरॉय व सफदरगंज कोतवाली पर पकड़वा लिया।
देर रात पहुंचे राजस्वकर्मी व पुलिस ने विपणन निरीक्षक कार्यालय की जांच करनी चाही तो पहले विपणन निरीक्षक जगदीश यादव चाभियां न होने की बात कहकर टालते रहे। एसडीएम की सख्ती के बाद चाभियां मिलीं तो गोदाम से गेहूॅ पलटकर खाली करायी गयी बोरिया बरामद हुई। रविवार सुबह मौके पर पहुंचे एसडीएम अजय द्धिवेदी, डिप्टी आरएमओ संतोष द्धिवेदी ने गोदामों व खाली बोरियों की भी जांच करवाई।