कलेक्ट्रेट के समीप वन चेतना पार्क में मिले शव के बारे में जांच पड़ताल करते सीओ रमेश कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। वन चेतना पार्क में रविवार की सुबह पेड़ से युवक की लाश लटकी देख राहगीरों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। पुलिस शव की पहचान कराने की कोशिश में जुट गई।
कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट भवन के सामने स्थित वन चेतना पार्क में पेड़ से रस्सी के सहारे युवक की लटकती लाश मिली। जमीन से करीब साढ़े तीन फीट ऊंचाई पर सूत की रस्सी से शव लटक रहा था। पेड़ की डाली पर गमछा भी मिला। युवक की उम्र करीब 40 वर्ष आंकी गई।
युवक स्लेटी रंग का लोअर और बादामी रंग का शर्ट पहने था। शव की स्थिति से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि युवक ने शनिवार की रात में किसी समय रस्सी के सहारे पेड़ की डाल से लटक कर आत्महत्या कर ली है। युवक के पास पहचान की कोई वस्तु नहीं मिली।
आसपास के लोगों से युवक की पहचान कराने की काफी कोशिश की गई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। शव की पहचान नहीं होने की वजह से 72 घंटे बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।