सैदनपुर गांव मेें शनिवार की देर रात दो पक्षों मेें घर के बाहर सहन की जमीन के विवाद को लेकर जमकर मारपीट हुई। इस वारदात में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई है वहीं दोनों पक्षों से 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या की धारा में एक पक्ष के सात लोगोें पर रिपोर्ट दर्ज कर तीन को गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरे पक्ष से चार लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
थाना सफदरगंज क्षेत्र के सैदनपुर गांव में रामविलास व मेराज के बीच घर के बाहर सहन की जमीन का विवाद चल रहा था। शनिवार की देर रात मेराज इसी विवादित भूमि पर नाली का निर्माण करा रहे थे। रामविलास ने जब नाली न बनाने की बात कही, तो मेराज पक्ष के लोगों ने लाठी, डंडा, बांका, फरसा समेत कई धारदार हथियारों से रामविलास व उनके परिवारीजनोें पर हमला बोल दिया।
इस दौरान दोनों पक्षों से जमकर मारपीट हुई। जिसमें रामविलास(45) पुत्र शिवप्रताप, पूनम (18) पुत्री रामविलास, सुनील (25) पुत्र कमलेश, रीता (22) पत्नी सुनील, मातारानी (38) पत्नी कमलेश, कमलेश (40) पुत्र तुलसीराम, पिंकी (16) पुत्री रामविलास व विमलेश(14) पुत्र रामविलास गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के निसार(40), किस्मतुल(45) पत्नी मेराज, यासमीन (17) पुत्री निसार व अमतुल(35) को भी चोट पहुंची है। गांव में मारपीट होने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी होने के बाद गांव पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कराते हुए घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां रामबिलास की हालत गंभीर होने के चलते जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया जहां रात मेें ही उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वारदात के बाद अपर पुलिस अधीक्षक शफीक अहमद, सीओ तौकीर अहमद खान आदि पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया।
एएसपी ने एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल भी तैनात किया है। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों पर रिपोर्ट दर्ज की है। एक पक्ष के मेराज, ताबेद, शादाब, निसार, यासमीन व एक अन्य के खिलाफ हत्या समेत कई धारा में रिपोर्ट दर्ज हुुई है। इनमें से तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। वहीं दूसरे पक्ष के चार लोगोें के खिलाफ मारपीट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सफदरगंज जैनुद्दीन अंसारी ने कहा कि सैदनपुर गांव में सहन की भूमि के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। इस घटना में दोनोें पक्षों के 11 लोग घायल हुए हैं और एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने एक पक्ष पर हत्या समेत कई धारा और दूसरे पक्ष पर मारपीट का मामला दर्ज किया है। घटना की जांच पड़ताल कर उचित कार्रवाई की जाएगी।