फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोबाइल कैश वैन के गार्ड को गोली मारकर बंदूक लूट ले गए बदमाश

Wed, 18 Nov 2015 08:36 PM IST
बाराबंकी/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने मोबाइल कैश वैन के गार्ड को गोली मारकर उसकी लाइसेंसी बंदूक लूट ले गए। बदमाश वैन में मौजूद लाखों की नगदी लूटने में सफल नहीं हो सके। वारदात के बाद बाइक सवार दोनों बदमाश हाईवे पर सफदरगंज की ओर भाग निकले।
विज्ञापन


मेजर पेट्रोल पंप पर हुई इस वारदात से हड़कंप मचा गया। वारदात के बाद घटनास्थल पर एसपी, एएसपी समेत कई पुलिस अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। घटना का खुलासा करने के लिए क्राइम ब्रांच समेत कई पुलिस टीम लगाई गई है। गोली लगने से घायल हुए गार्ड को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया है।

चेकमैक कंपनी की मोबाइल कैश वैन से चालक रंजीत निवासी ग्राम डेहुआ मानपुर थाना जैदपुर, असलहाधारी सुरक्षा गार्ड राजीव मौर्या (30) पुत्र रामखेलावन निवासी ग्राम मेलारायगंज कोतवाली बदोसराय व अमोद श्रीवास्तव निवासी ग्राम मरचा थाना परसपुर जिला गोंडा हाईवे पर अहमदपुर टोल प्लाजा के पास से बुधवार की दोपहर कैश कलेक्ट करने के बाद बाराबंकी शहर स्थित मेजर पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे।
विज्ञापन


यहां पर भी इन लोगों ने पेट्रोल पंप से कैश लिया उसके बाद जाने के लिए निकल रहे थे। तभी पेट्रोल पंप पर ही एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और कैश वैन में लूट का प्रयास करने लगे। इस दौरान जब गार्ड राजीव मौर्या ने बदमाशों का विरोध किया तो एक बदमाश ने उसे गोली मार दी और उसकी बंदूक लूटकर भाग निकले।

 घटना के बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी व घायल गार्ड को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के चलते गार्ड को जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। जबकि बदमाश कैश वैन से नगदी लूटने में असफल रहे है। वैन में कितने रुपये की नकदी थी इस बारे में अभी कोई भी कुछ नहीं बता रहा है।

लाल रंग की बिना नंबर की बाइक पर सवार थे बदमाश
कैश वैन में लूट के प्रयास की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाश एक लाल रंग की बिना नंबर की होंडा साइन बाइक पर सवार थे। यह दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे। बदमाशों में दोनों सफेद रंग की शर्ट पहने थे। पीछे बैठे बदमाश ने ही 315 बोर के तमंचे से गार्ड को गोली मारी जिसके बाद गोली गार्ड के कंधे मेें जा धंसी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। वहीं गोली की आवाज सुनकर आस-पास इलाके के लोगों में भी दहशत व्याप्त हो गई।

चेकमैक कंपनी की है मोबाइल कैश वैन
बदमाशों का शिकार बनी मोबाइल कैश वैन चिकमैक नामक निजी कंपनी की है। यह कंपनी पेट्रोल पंप समेत बड़े व्यापारियों के प्रतिष्ठान मेें जाकर वहां से कैश लेने के बाद उसे संबंधित बैंक में पहुंचाती है। वारदात के समय इस वैन में गार्ड समेत तीन लोग सवार थे। बदमाशों ने जिस गेट की तरफ हमला बोला उधर गार्ड वैन में बैठने जा रहा था वहीं दूसरी तरफ चालक ने अपनी तरफ का गेट बंद कर लिया। जबकि साथ रहा तीसरा कर्मचारी अपनी जान बचाते हुए पेट्रोल पंप की ओर भाग निकला।

एसपी ने लिया मौके का जायजा
मोबाइल कैश वैन में लूट की वारदात के बाद एसपी अब्दुल हमीद, एएसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, सीओ सिटी श्रीपाल यादव, सीओ सदर विशाल विक्रम सिंह, कोतवाल नगर अनिरुद्ध कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इस मामले में बदमाशों तक पहुंचने के लिए क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की कई टीमें लगाई गई है। लेकिन इसके बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी बदमाश के बारे में पता नहीं लगा सकी है।

आसान नहीं होगा बदमाशों तक पहुंचना
मेजर पेट्रोल पंप पर वैसे तो कई सीसीटीवी कैमरा लगे हुए है। लेकिन मंगलवार की शाम किसी कारण से इस पंप के सभी कैमरे बंद हो गए थे। पेट्रोल पंप पर जिस हिस्से में कैश वैन में लूट का प्रयास हुआ उस तरफ भी सीसीटीवी कैमरे लगे है। लेकिन कैमरा बंद होने के चलते बदमाशों के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सके है। पुलिस सिर्फ भुक्तभोगी से पूछपाछ के आधार पर ही बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। लेकिन कैमरा न होने की वजह से इस मामले में पुलिस इतनी जल्दी किसी भी आरोपी तक नहीं पहुंच सकेगी।

सफदरगंज की ओर भाग निकले बदमाश
कैश वैन में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाश गार्ड की बंदूक लूटने के बाद हाईवे पर सफदरगंज की ओर भाग निकले। इस वारदात की खबर फैलते ही मौके पर जिले के व्यापारियों का भी हुजूम लग गया। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन, रविनन खंजाची, सुशील गुप्ता, चरनजीत सिंह समेत कई व्यापारी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द वारदात का खुलासा करने की मांग की। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारियों में रोष भी व्याप्त हो गया है।

खुल गई शहर में पुलिसिंग की पोल
शहर में हाईवे पर दिन दहाड़े हुई लूट की वारदात ने पुलिसिंग की भी पोल खोलकर रख दी है। शहर में सुस्त पुलिसिंग का ही फायदा उठाते हुए बेखौफ बदमाश कैश वैन लूटने की वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भाग निकले है। हमेशा की तरह वारदात के बाद पहुंचे पुलिस अधिकारी मामले की जांच पड़ताल करने में ही लगे हुए है। बदमाश जिस आसानी से इतना बड़ा दुस्साहस करने के बाद भाग निकले उससे जिले की लचर पुलिसिंग साफ नजर आ रही है।  

एक निजी कंपनी की कैश वैन में लूट का प्रयास हुआ है। बाइक सवार दो बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम देते हुए वैन के गार्ड को गोली मारकर उसकी लाइसेंसी बंदूक लूट ली है। मामले में बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीमेें लगी है जल्द ही बदमाशों तक पहुंच जाएगा। कैश वैन में वारदात के समय कितने रुपये थे मामले की जांच पड़ताल के बाद ही कुछ बताया जा सकता है।
विज्ञापन

- कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी उत्तरी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें