सतरिख थाना क्षेत्र के मंजीठा गांव में पूर्व प्रधान पति की हत्या के बाद शव खेत में फेेंक दिया गया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एसपी वीपी श्रीवास्तव व एएसपी शशिकांत तिवारी ने मौके का जायजा लिया।
एहतियात के तौर पर गांव में पीएसी व पुलिस की तैनाती की गई है। पुलिस के मुताबिक सतरिख थाना क्षेत्र के मंजीठा गांव निवासी पूर्व प्रधान संगीता देवी के पति उमेशचंद्र वर्मा की रविवार की रात गला दबाकर व ईंट और लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह गांव के बाहर खेत में उमेशचंद्र वर्मा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
रविवार की शाम घर से निकले थे उमेश
उमेशचंद्र रविवार की शाम अपने घर से बाइक से निकले थे। परिवारीजनों के मुताबिक यह अपने दोस्त बाबूराम को गांव के बाहर स्थित एक ईंट भट्ठे पर छोड़ने गए थे। इसके बाद देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिवारीजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो सोमवार की सुबह खेत में शव पड़ा मिला।