ट्रैक्टर चालकों से वसूली के आरोप में एक गिरफ्तार
फरीदाबाद। सरूरपुर औद्योगिक क्षेत्र में ईंटों से भरे ट्रैक्टर खड़े करने की एवज में चालकों से महीना वसूलने का आरोपी सतीश बुढ़ैना को सोमवार को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 पुलिस ने दबोच लिया। सतीश के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी मांगने, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत करीब 25 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे अदालत में पेश का पांच दिन का रिमांड लिया है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक संदीप मोर ने बताया कि उनके पास गांव मोहना निवासी सुरेंद्र की एक शिकायत आई थी। अपनी शिकायत में सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह अपने ट्रैक्टर में होडल से ईंट भरकर सरूरपुर के नजदीक दयाल अस्पताल के साथ खड़ा करता था। यहां कई और भी ट्रैक्टर खड़े होते हैं। बुढ़ैना निवासी सतीश चालकों से 1200-1200 रुपये महीना वसूली करता था। सुरेंद्र का कहना है कि करीब एक साल पहले सतीश ने उससे वसूली करना शुरू किया था। उस समय मना करने पर उसके सिर पर पिस्तौल लगाकर जान से मारने की धमकी दी थी। डरकर वह महीना देने लगा। गत 13 अप्रैल को उसके मोबाइल पर सतीश का फोन आया। सतीश ने उससे वसूली के पैसे मांगे तो उससे तंग आकर सुरेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी। सुरेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने सतीश को गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच प्रभारी संदीप मोर ने बताया कि सतीश के खिलाफ और भी शिकायतें आएंगी तो उनकी भी जांच की जाएगी और मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।
जेल में राजीव भाटी से होगा आमना-सामना
वसूली के आरोप में गिरफ्तार सतीश, बुढ़ैना निवासी ब्रह्मजीत का भतीजा है। ब्रह्मजीत की गत 27 फरवरी को उसके पार्टनर राजीव भाटी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी और फिर उसके शव को होडल के मुंडकटी इलाके में जमीन में दबा दिया था। इस मामले में राजीव भाटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जोकि अब नीमका स्थित जिला जेल में बंद है। रिमांड समाप्त होने के बाद सतीश भी नीमका जेल जाएगा। ऐसे में दोनों का आमना सामना होना तय है। ऐसे में दोनों के बीच जेल में तनातनी होने की भी आशंका है।