थाना क्षेत्र के अमोली गांव के पास पोल पर चढ़कर तार दुरुस्त करने के दौरान एचटी लाइन की चपेट में आने से एक एवजी लाइनमैन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अधिशासी अभियंता का कहना है कि मुआवजा दिलाने के लिए सूचना विद्युत सुरक्षा निदेशालय भेजी गई है।
गुरुवार को क्षेत्र के अमोली गांव के पास विद्युत तार को दुरुस्त करने के लिए ग्राम नचना निवासी सुभाष (30) पुत्र बिंद्रा संविदा कर्मी सतेंद्र के साथ गया था। सुभाष एचटी लाइन दुरुस्त करने के लिए पोल पर चढ़ा था जबकि सतेंद्र नीचे खड़ा था। तार दुरुस्त करते समय करंट आ जाने से एवजी लाइनमैन सुभाष नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
जानकारी पर पहुंचे पावर कॉर्पोरेशन के एसडीओ नीरज कुमार का कहना है कि शट डाउन के लिए मयंक व अतुल की ड्यूटी लगी थी। लेकिन घटना के बाद दोनों ही गायब हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
संसाधनों के अभाव में होते हादसे
पावर कार्पोरेशन में संसाधनों का अभाव है। संसाधनों के अभाव में विद्युत लाइन दुरुस्त करने के लिए लाइनमैन व विद्युतकर्मी बिना दस्ताने व सुरक्षा कैप के ही लाइन दुरुस्त करने चले जाते हैं। जिससे घटनाएं घटित हो जाती हैं। लाइनमैन के कार्य के लिए सुरक्षा के इंतजाम विभाग की ओर से नहीं किए जाते हैं।
मृतक को पावर कॉर्पोरेशन की ओर से मुआवजा दिलाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। शट डाउन लिए जाने व स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों के बारे में जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विद्युत सुरक्षा निदेशालय लखनऊ सूचना भेजी गई है। -नजम अहमद, अधिशासी अभियंता