लेखपाल व अधिवक्ता के बीच विवाद को सुलझाने पहुंचे दोनों के संघ एसडीएम चेंबर में भिड़ गए। एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप के बीच एसडीएम के सामने जमकर हंगामा हुआ। एनएच 56 में अधिग्रहीत भूमि की माप को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। महिला लेखपाल व अधिवक्ता ने अलग-अलग तहरीर देकर कोतवाली पुलिस से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। कोतवाल पीके तिवारी का कहना है कि लेखपाल की शिकायत पर अधिवक्ता अरविंद बाजपेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मंगलवार को एसडीएम संतोष कुमार ने महिला लेखपाल से अभद्र तरीके से अधिवक्ता के द्वारा वार्ता करने के आरोप पर तहसील बार एसोसिएशन व लेखपाल संघ के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए चेंबर में बुलाया था। एसडीएम के सामने ही दोनों पक्षों ने आरोप प्रत्यारोप के बीच जमकर हंगामा काटा। लेखपाल संघ केे ब्लॉक अध्यक्ष रामयज्ञ सरोज ने कहा अधिवक्ता द्वारा महिला लेखपाल के साथ अभद्रता व जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने से संघ आंदोलित है। वहीं तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष यशकरन तिवारी ने कहा तहसील के कर्मचारी भ्रष्टाचार में पूरी तरह से लिप्त हैं। पांच वर्ष से अधिक समय से लेखपाल संघ ब्लॉक अध्यक्ष तहसील में जमे हैं। इनके स्थानांतरण की मांग अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से की।