रुड़की। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर बीमे के नाम पर 40 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में दो सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली गंगनहर में कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराए गए मुकदमे में शेखपुरी निवासी सतीश ने बताया झबरेड़ा के गांव सढ़ोली निवासी प्रीतम उर्फ मांगी व अमित उर्फ अमीर दोनो सगे भाई है। दोनों भाई विगत पांच साल पहले उसके पास आए थे। इस दौरान दोनों ने उसकी पत्नी का बीमा करने की बात कही थी। बताया था कि पांच साल तक दस दस हजार रुपए देने है। इसके बाद बीमा कंपनी एक लाख रुपए देगी। इस लालच में उसने पांच साल तक दस दस हजार रुपए जमा किए इस तरह उसने पचास हजार रुपए जमा करा दिए। पांच साल पुरा होने के बाद वह उनसे पैसा मांगने के लिए गया तो दोनों ने उनके साथ गाली गलौज की साथ जान से मारने की धमकी दी थी । मुकदमा दर्ज कराने के लिए वह कोतवाली में कई बार गए । पुलिस के द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने पर कोर्ट के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।