पिछले साल दिसंबर में जांच को भेजा गया अमूल स्प्रे दूध का पाउडर मिस ब्रांडेड मिला है। वहीं लखनऊ में बनने वाली ग्राउंड फेथ हल्दी में शीशे की मिलावट पाई गई है। साथ ही घी, सरसों तेल व बर्फी में भी मिलावट की पुष्टि हुई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश मिश्रा ने बीते वर्ष 17 दिसंबर को रामसनेहीघाट में तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह ने जैदपुर में 22 दिसंबर 15 को अमूल स्प्रे दूध पाउडर का नमूना जांच के लिए भेजा था। गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में ये दूध मिस ब्रांडेड पाया गया है। इसके लेवलिंग और पैकेजिंग में गड़बड़ी मिली है। इसमें यह उल्लेख नहीं किया गया कि यह दूध 6 माह से लेकर दो साल तक के बच्चों के लिए है।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह ने शहर से निकल रहे एक वाहन को रोक ग्राउंड फेथ हल्दी का नमूना लिया था। जांच रिपोर्ट में इसमें शीशे की मिलावट पाई गई है। जो सेहत के लिए काफी हानिकारक है। इस हल्दी का निर्माण लखनऊ के बख्शी का तालाब में होता है। सूरतगंज स्थित श्यामू गुप्ता की दुकान से भरे गए बर्फी के नमूने में एल्युमीनियम की मिलावट पाई गई है।
वहीं, टिकैतगंज से विश्वनाथ की दुकान से भरा गया गोल्ड ब्रांड तेल का नमूना भी फेल हुआ है। महादेवा के लोधौरा से राजेश गुप्ता की दुकान से भरा गया घी का नमूना व रामनगर में रमेश की दुकान से भरा गया सरसों तेल का नमूना जांच में फेल हो गया है।
अमूल स्प्रे दूध पाउडर समेत छह नमूनों की जांच रिपोर्ट आई है। इनमें अमूल स्प्रे दूध पाउडर मिस ब्रांडेड पाया गया है। वहीं बख्शी का तालाब से बनाई जा रही ग्राउंड फेथ हल्दी में शीशे की मिलावट पाई गई है, हल्दी समेत करीब 5 नमूने जांच में असुरक्षित पाए गए हैं। इनके सभी विक्रेेताओं के खिलाफ वाद दायर किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-मनोज कुमार वर्मा, अभिहीत अधिकारी एफएसडीए