लखनऊ जेल में निरुद्ध शातिर तस्कर अज्जन समेत दस लोगों के खिलाफ पुलिस गैंगस्टर की कार्रवाई की है। बीते साल टिकरा गांव मेें हुए कमरू हत्याकांड में एसपी के आदेश पर पुलिस यह कार्रवाई की है।
वहीं मारफीन तस्करी के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे तस्करों की गिरफ्तारी एवं प्रतिबंधित मवेशियों का वध कर उनका मांस बेंचने का कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ गैंगस्टर व गुंडा एक्ट लगाने के निर्देश भी एसपी ने दिए हैं।
एसपी राजू बाबू सिंह ने जिले में सक्रिय मारफीन तस्करों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जैदपुर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव में वर्ष 2015 में हुए कमरू हत्याकांड में नामजद लखनऊ जेल में निरुद्ध यहां का शातिर तस्कर अज्जन, व टिकरा के प्रधान पति इजहार समेत दस लोगों के खिलाफ एसपी ने गैंगस्टर की कार्रवाई करने का निर्देश जैदपुर पुलिस को दिया था जिस पर पुलिस ने सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई कर दी है। बताते चलें कि अज्जन को बीते साल लखनऊ में एसटीएफ ने भारी मात्रा में मारफीन के साथ गिरफ्तार किया था।
इसके बाद जैदपुर के टिकरा में कमरू की हत्या कर दी गई थी। बताया गया था कि अज्जन को पकड़वाने में कमरू ने पुलिस की मुखबरी की थी जिसके चलते ही अज्जन ने उसकी हत्या करवा दी थी। इस मामले में टिकरा गांव की महिला प्रधान के पति इजहार हुसैन समेत 9 लोगों पर पुलिस ने हत्या समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी वहीं अज्जन को हत्या का षडयंत्र रचने का आरोपी बनाया गया है।
तस्कर भाइयों की तलाश मेें दौड़ रही हरियाणा पुलिस
जिले के तस्करों की तलाश में आए दिन गैर प्रांतों की पुलिस आती रहती है। यहां के तस्कर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, मणिपुर, गोवाहाटी, पश्चिम बंगाल आदि जगहों तक अपना जाल बिछाए हुए है। जैदपुर थाना क्षेत्र के चंदौली गांव निवासी दो तस्कर भाई खालिद व शाकिर के यहां से भारी मात्रा में मारफीन हरियाणा भेजी गई थी। हरियाणा में पकड़े गए आरोपियों ने जब इस बात को कबूल किया तब से यहां आए दिन हरियाणा पुलिस इन तस्कर भाइयों की तलाश मेें भटक रही है लेकिन इनका पता नहीं लग सका है।
जैदपुर के टिकरा गांव में हुए कमरू हत्याकांड के आरोपियोें पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। चंदौली गांव निवासी शातिर तस्कर खालिद व उसके भाई की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। -राजू बाबू सिंह, पुलिस कप्तान