पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में अभी से खूनी रंजिश का खेल शुरू हो गया है। रविवार सुबह कोठी थाना क्षेत्र के मझियावां गांव में चुनावी रंजिश में ही गांव के पूर्व प्रधान समर्थक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान दबंगों द्वारा किए गए पथराव से मृतक के परिवार के चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। वारदात के बाद हमलावरों ने अवैध असलहों से कई राउंड फायरिंग कर दशहत भी फैलाई।
गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात की गई है। वारदात स्थल पर पहुंचे एसपी व एएसपी ने मामले की जानकारी लेने के बाद जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने का निर्देश दिया है। घटना में मौजूदा प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कोठी थाना क्षेत्र के मझियावां गांव में शनिवार की रात विनोद के घर पर गांव में पूर्व प्रधान अली अजमत के समर्थक यार मोहम्मद व विनोद व अन्य कई लोगों के बीच प्रधानी के चुनाव को लेकर चर्चा हो रही थी। इसके बाद देर रात सब लोग अपने घर चले गए। रविवार सुबह विनोद व उसके भाई मुन्ना के बीच में रात में प्रधानी के बारे में चर्चा होने की बात को लेकर विवाद होने लगा।
इसी बीच यहां पहुंचे निजामुद्दीन के समर्थक मुस्तकीम ने विनोद को एक तमाचा मार दिया जिसके बाद बात बढ़ने लगी तो मौके पर यार मोहम्मद (45) भी पहुंच गए और बीच-बचाव करने लगे। इतने में मुस्तकीम अपने घर चले गए और फिर कुछ देर में मैनुद्दीन व अन्य लोगों के साथ पहुंचे और बंदूकों से फायरिंग करना शुरू कर दिया।
इस दौरान एक गोली यार मोहम्मद के सीने में लग गई और वह जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद दबंगों ने असलहों से चार-पांच राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का भी प्रयास किया।
गोली लगने के बाद जमीन पर पड़े यार मोहम्मद को उठाने पहुंचे उनके परिवार के मुकीम, सलीम, सबीना व परवीन पर हमलावर पक्ष के लोगों ने ईंटों से पथराव करना शुरू कर दिया जिससे इन सभी को भी चोटें आई है। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भाग खड़े हुए जिसके बाद परिवारीजन आनन फानन में यार मोहम्मद को इलाज के लिए लेकर सीएचसी पहुंचे जहां से हालत नाजुक होने के चलते उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया अस्पताल में डॉक्टरों ने यार मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के जाने के बाद भड़के हमलावर
शनिवार रात भी गांव के विनोद व उसके भाई मुन्ना के बीच विवाद हुआ था तब वहां पर यार मोहम्मद व मौजूदा प्रधान पक्ष के लोग पहुंचे थे जिसके बाद मामला बिगड़ता देख कुछ लोगों ने पुलिस को बुलाया था। रात मेें पुलिस सभी को समझाकर वापस लौट गई थी। जब रविवार सुबह एक बार फिर विवाद हुआ तो पुलिस मौके पर आई थी। पुलिस के वापस जाने के कुछ ही देर बाद यह वारदात हो गई और यार मोहम्मद की हत्या कर दी गई।
बाक्स-
मौजूदा प्रधान समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट
पूर्व प्रधान समर्थक यार मोहम्मद की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई वसी मोहम्मद की तहरीर पर गांव के मौजूदा प्रधान निजामुद्दीन, मैनुद्दीन, मुस्तकीम व मोहम्मद इदरीश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। अभी तक पुलिस किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं सकी है।
वहीं आरोपियों ने जिन बंदूकों से फायरिंग की थी वह लाइसेंसी होने के बजाए अवैध है अब पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपियों के पास यह असलहे कहां से पहुंचे। पुलिस की मानें तो वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों में निजामुद्दीन आपराधिक किस्म का है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज है।
एसपी व एएसपी ने लिया जायजा
चुनावी रंजिश में हुई हत्या के बाद मौके पर पहुंचे एसपी अब्दुल हमीद, एएसपी दक्षिणी शफीक अहमद व सीओ हैदरगढ़ तौकीर अहमद खान ने मामले की जानकारी ली। एसपी ने थानाध्यक्ष कोठी बीपी यादव को निर्देश दिया कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए वहीं पीड़ित परिवार से मिलकर उनको सांत्वना भी दी।
गांव में हुई इस वारदात के बाद तनाव को देखते हुए मौके पर पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। घटना से गांव में जहां लोगों में दहशत व्याप्त है वहीं इससे सभी में आक्रोश भी व्याप्त है।
कोठी थाना क्षेत्र के मझियांवा गांव में पूर्व प्रधान समर्थक की गोली मारकर हत्या के मामले मेें मौजूदा प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- शफीक अहमद, एएसपी दक्षिणी