हैदरगढ़ क्षेत्र के एक सामान लदा एक ट्रक बदमाश लूट ले गए थे। पुलिस ने इसका खुलासा करते हुए सुल्तानपुर जिले के एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश समेत अंतरजनपदीय गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने लूटा गया ट्रक व उसमें लदा करीब 12 लाख का सामान बरामद किया है। पकड़े गए पांचों बदमाश सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ व हमीरपुर जिले के निवासी बताए जा रहे है। जबकि इस गिरोह के तीन बदमाश पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए हैं।
एसपी अब्दुल हमीद ने मंगलवार को पुलिस लाइन में बताया कि हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में सुल्तानपुर मार्ग पर 5 जनवरी की रात एक ट्रक व उसमें लदा करीब 12 लाख रुपये का सामान बदमाशों ने लूट लिया था। इस वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए सोमवार की देर रात हैदरगढ़ कोतवाली इलाके में फैजाबाद बाइपास के पास से अंतरजनपदीय गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों में हसन अब्बास पुत्र गुलाम अब्बास निवासी ग्राम अमहट गोराबारिक थाना कोतवाली नगर जनपद सुल्तानपुर, मुमताज अली पुत्र सखावत अली निवासी नयानगर पाचोपीरन थाना कोतवाली नगर सुल्तानपुर, नीलेश बरनवाल पुत्र रामगुलाम निवासी ग्राम रामगंज थाना आसपुर देवसरा जिला प्रतापगढ़, सुरेश यादव पुत्र रामकिशोर यादव निवासी ग्राम धरौली थाना पट्टी जिला प्रतापगढ़ व इरफान खान पुत्र स्व.सुलेमान खान निवासी ग्राम नरैच थाना मौदहा जिला हमीरपुर शामिल हैं।
पकड़े गए सभी बदमाशों के तीन साथी मौके से फरार हो गए हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। इनके पास से लूटा गया ट्रक व उसमें लदा करीब 12 लाख रुपये कीमत का किराना का सामान व गल्ला भी पुलिस ने बरामद किया है। इस वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम मेें शामिल कोतवाल हैदरगढ़ चंद्रशेखर सिंह, अजीत सिंह, सुबोध कुमार, उमेशचंद, सुधीर कुमार सिंह, इदरीश खान्र, विनय उपाध्याय, रमेश उपाध्याय, मंशाराम, संतोष कुमार व गणेश आदि पुलिस टीम को एसपी ने पांच हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया है।