वैसनपुरवा मजरे दुर्गापुर नौबस्ता गांव में बृहस्पतिवार रात एक किसान के घर में घुसे चोरों ने नगदी व जेवर समेत करीब पंद्रह लाख रुपये का माल पार कर दिया। घर के पीछे से छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए चोरों ने कमरे का ताला तोड़ा और अंदर रखे बाक्स व अलमारी का तोड़ा।
सुबह कमरे व अलमारी का टूटा ताला व बिखरा सामान देख कर परिवारीजनों को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम वैसनपुरवा मजरे दुर्गापुर नौबस्ता निवासी ओमकार सिंह पुत्र प्रह्लाद सिंह खेती बाड़ी का काम करते हैं। इनका पूरा परिवार बृहस्पतिवार रात छत पर और घर के बाहर सो रहा था। देर रात चोर घर के पीछे से छत पर पहुंचे और सीढ़ियों से अंदर दाखिल हुए।
चोरों ने कमरे का ताला तोड़ा। इसके बाद बारी-बारी अलमारी व बक्सा का ताला तोड़ा और नकदी जेवर समेत लाखों का माल पार कर दिया। शुक्रवार की भोर परिवारीजनों को कमरे मे बक्सा व अलमारी के टूटे ताले और कमरे में बिखरा सामान देख कर चोरी की जानकारी हुई।
परिवारीजनों ने शोर मचाया तो ग्रामीण भी जमा हो गए। पीड़ित ओमकार ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। मौके पर थानाध्यक्ष रविंदर सिंह व चौकी प्रभारी सूरतगंज मौके पर पहुंचे और छानबीन की।
पीड़ित ओमकार सिंह ने बताया कि चोर घर में रखी पचास हजार की नगदी समेत करीब पंद्रह लाख रुपये कीमत मे जेवर व सामान पार कर दिया। मामले की छानबीन कर रहे थानाध्यक्ष रविंदर सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है, रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी।