देवा कोतवाली क्षेत्र में शरीफाबाद गांव से दो दिन पूर्व लापता युवक (25) का शव बुधवार को गांव के पास तालाब में मिला है। परिवारीजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की है। देवा कोतवाली क्षेत्र के शरीफाबाद गांव निवासी निजाम (25) पुत्र बशीर का शव बुधवार सुबह गांव के बाहर तालाब से बरामद हुआ है।
सुबह के समय ग्रामीणों ने जब युवक का शव पड़ा देखा तो इस बारे में पुलिस को जानकारी दी। ग्रामीणों द्वारा युवक की हत्या कर शव तालाब में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। जिस पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करने के साथ ही शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक के पिता ने बताया कि निजाम सोमवार को घर से बकरी चराने के लिए निकला था उसके बाद से वह नहीं लौटा। हालांकि पिता ने किसी के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया है। एसओ धनंजय सिंह का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।