कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में विद्यालय की रसोइया के साथ जबरन छेड़छाड़ करने तथा बाद में फोन पर धमकी देकर दुराचार का प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है। युवती ने परिवारीजनों को घटना की जानकारी देकर पुलिस से शिकायत की है। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर पीड़िता को वापस घर भेजा दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक विद्यालय की रसोइया के अनुसार उसके गांव का अशोक कुमार बीते कई दिनों से बदनियती से इनके पीछे पड़ा है तथा दो-तीन दिन पहले विद्यालय के समीप बने हाते में जबरन पकड़ कर अश्लीलता के साथ दुराचार का प्रयास किया। विरोध कर शोर मचाने पर आरोपी युवक के मौके से भाग जाने पर लोक लाज के भय से घटना की किसी से चर्चा नहीं की थी।
इसी का लाभ उठाते हुए आरोपी बीते कई दिनो से अपने मोबाइल फोन से बात कर बदनाम करने की धमकी दे रहा है। पीड़ित महिला ने परिवारीजनों के साथ रविवार की सुबह कोतवाली पहुंच कर लिखित शिकायत दी है। महिला ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर अरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार ऐसी किसी घटना की शिकायत कोतवाली में नहीं है। जिसका लाभ उठा कर आरोपी पक्ष पीड़ित परिवार पर सुलह सफाई के लिए दबाव डाल रहा है। कोतवाली के एसआई हरिवंश यादव ने कहा दो पक्षों में किसी बात को लेकर मारपीट का मामला है जिसको बेवजह तूल दिया जा रहा है। कोतवाल जेएल सोनकर ने कहा पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।