शासन से मिले निर्देशों के बाद मंगलवार को आठ और पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। जिलाधिकारी से मिली अनुमति के बाद संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों ने यह कार्रवाई की है। इस प्रकार अब तक नौ पेट्रोल पंप संचालकों पर केस दर्ज हो चुके हैं। अभी दस पेट्रोल पंप संचालकों पर कार्रवाई होनी बाकी है।
जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी से मिली अनुमति के बाद गौरी फिलिंग स्टेशन जेठबनी, मेसर्स राजेन्द्र प्रसाद गुप्तार नाथ नाका पैसार, अंबा जी फिलिंग स्टेशन देवा रोड़, इंदिरा फिलिंग स्टेशन आलापुर, मेसर्स काजी फिलिंग सेंटर काजीपुर तिलोकपुर, सुशीला किसान सेवा सेंटर देवीगंज, मेसर्स ललिते फिलिंग सेंटर सिरौलीगौसपुर और मेसर्स किशन आयल स्टेशन सरथरा के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बताते चलें कि शासन से मिले निर्देशों के बाद जिलाधिकारी द्वारा गठित की गई टीमों ने जिले के 117 पेट्रोल पंपों पर छापेमारी कर जांच की थी। इनमें से 19 पेट्रोल पंपों पर लगे पल्सर कार्ड से छेड़छाड़ पाई गई थी। जिस पर इन्हें जांच के लिए लैब को भेजा गया था। जांच रिपोर्ट के मुताबिक इन पेट्रोल पंप पर चिप लगाकर घटतौली की पुष्टि होने के बाद शासन से मिले आदेशों पर इन पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गयी है।