बीएसएफ के दरोगा की गोलियों से भूनकर हत्या करने वाले उसके दो सौतेले भाईयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन दोनों के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक रिवाल्वर, 14 कारतूस व एक बाइक बरामद किया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। वहीं इन आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को एसपी ने पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
एसपी राजू बाबू सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन में बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के लखपेड़ाबाग मोहल्ले के निवासी बीएसएफ दरोगा अविनाश उर्फ मनू रस्तोगी की 25 नवंबर की सुबह शहर में बीच बाजार गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई विकास रस्तोगी उर्फ विक्की की तहरीर पर सौतेले भाइयों विकास रस्तोगी उर्फ छोटू व विवेक रस्तोगी उर्फ दीपू पुत्र स्व. शिवकुमार रस्तोगी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। फरार चल रहे दोनों हत्या आरोपी भाइयों को पुलिस ने रविवार की सुबह शहर में पल्हरी चौराहे के पास से गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त की गई बाइक, एक लाइसेंसी पिस्टल, एक रिवाल्वर व 14 कारतूस बरामद किए हैं।
आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से वह जेल भेजे गए। वहीं इस वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में शामिल कोतवाल नगर बीपी यादव, एसएसआई श्याम नरायन पांडेय, अजेंद्र पटेल, सुनील सिंह, विनय सिंह, मनीष कुमार, विनोद तिवारी, जावेद अख्तर आदि पुलिस टीम को एसपी ने पांच हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया है।
सौतेले भाई की साली से विवाह करने की जिद पर गई दरोगा की जान
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतक दरोगा आरोपी सौतेले भाई की साली से विवाह कर रहा था जो आरोपी नहीं चाहते थे। पुलिस अधिकारियों की मानें तो मृतक दरोगा के पिता ने दूसरा विवाह किया था जिससे बीएसएफ दरोगा व उसकी एक बहन हुई थी। आरोपियों ने भी पुलिस पूछताछ मेें इसी बात को कबूल किया है। हालांकि पुलिस अब इन आरोपियों के खिलाफ रासुका समेत अन्य कार्रवाई शुरू कर रही है।
कोर्ट मेें हाजिर होने की तैयारी में थे आरोपी
पुलिस विभाग से जुड़े विश्वस्त सूत्रों की माने तो दोनों हत्या आरोपियों को लखनऊ में उनके एक रिश्तेदार के घर से पुलिस ने पकड़ है। ये आरोपी वारदात के बाद गोरखपुर भाग निकले थे, लेकिन लोकेशन मिलने पर जब पुलिस टीम गोरखपुर जा पहुंची तो आरोपी लखनऊ भाग लिए थे। जहां से पुलिस ने इन्हें धर दबोचा है। पुलिस की मानें तो ये दोनों आरोपी सोमवार को कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि कोई पुलिस अधिकारी इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दे रहा है।
बीएसफ के दरोगा की हत्या में के आरोपी दोनों सौतेले भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनको कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेजा है। जल्द ही आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। -राजूबाबू सिंह, पुलिस कप्तान।