शहर कोतवाली क्षेत्र के बरहाहार गांव में शनिवार देर शाम एक विवाहिता का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका के पति समेत अन्य ससुुरालीजन घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने पति, सास और ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
बरहाहार गांव की रहने वाली सुनीता वर्मा (25) पत्नी अरविंद का शव बीती देर शाम उसी के घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद से विवाहिता का पति समेत अन्य ससुरालीजन घर से फरार हैं।
मृतका के पिता रामप्रकाश निवासी काजीपुर थाना सतरिख ने बताया कि करीब चार साल पहले बेटी का विवाह किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही उसका पति सुनीता को पीटने के साथ प्रताड़ित कर रहा था और दहेज भी मांगता था।
इन्हीं सब बातों को लेकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति, सास, ससुर आदि पर रिपोर्ट दर्ज करवाने की बात कही है। कोतवाल उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि महिला का शव फंदे पर लटका मिला है, इस मामले में पति अरविंद कुमार, सास पुष्पा, ससुर ओंकार समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।