बंद आंगनबाड़ी केंद्र के दरवाजे के सामने बैठकर मैडम के आने का इंतजार कर रहे मासूम को सांप ने डस लिया। केंद्र पर किसी के मौजूद न होने पर मासूम भागते हुए घर पहुंचकर कर घटना की जानकारी दी। परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी से जिला चिकित्सालय ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मामला हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र खेरवा का है। यहां पर शुक्रवार सुबह गांव के हरिप्रसाद पाल का 6 वर्षीय पुत्र शिवम आंगनबाड़ी केंद्र पर पढ़ने गया था। केंद्र पर तैनात कार्यकत्री विमला श्रीवास्तव व सेविका के न आने पर बंद पड़े केंद्र के बाहर बने चबूतरे पर बैठकर वह मैैडम के आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान चबूतरे के उखड़े पड़े प्लास्टर की दराज से निकले सांप ने उसके पैर में डस लिया।
चीखने- चिल्लाने पर कोई सहायता नहीं मिला तो लाचार शिवम दौड़ता हुआ घर पहुंचा। मां को सांप काटने की बात बताते ही परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां से प्राथमिक उपचार के बात चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पातल रेफर किया। परिवारीजन एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल ला रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है। घटना की सूचना मिलते ही दोपहर में आंगनबाड़ी कार्यकत्री भागते हुए केंद्र पर तो पहुंची। मगर, मासूम के घर तक पहुंच कर संवेदना व्यक्त करने की जरूरत नहीं समझी। मासूम की मौत के बाद हरकत में आए जिम्मेदारों ने केंद्र पर फैली गंदगी जंगल झाडिय़ों को सफाई कर्मचारी को भेज कर साफ कराया। वहीं सपेरा को बुलाकर सांप को पकड़वा गया।