मतदान के दौरान यदि किसी ने ईवीएम से छेड़छाड़ या बूथ कैप्चरिंग करने का प्रयास किया तो पुलिस फोर्स द्वारा उसे सीधे गोली मार दी जाएगी। एसपी ने चुनाव ड्यूटी में लगी समस्त पुलिस फोर्स का यह आदेश दिया है। इसके अलावा चुनाव के दौरान मतदाताओं को धमकी देने वाले को भी गिरफ्तार कर जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
जिले की छह विधानसभा सीटों पर रविवार को होने वाले मतदान के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिले की दो विधानसभा सीट बाराबंकी सदर व रामनगर को अतिसंवेदनशील माना गया है। इसके अलावा अन्य विधानसभा सीटों पर भी पुलिस का सख्त पहरा रहेगा।
चुनाव के दौरान यदि किसी ने ईवीएम से छेड़छाड़ किया या बूथ कैप्चरिंग करने का प्रयास किया तो उस पर सख्त कार्रवाई होना तय है। एसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि चुनाव कार्य में लगी समस्त पुलिस व अर्धसैनिक बल को आदेश दिया गया है कि यदि मतदान केेंद्र पर कोई ईवीएम से छेड़छाड़ या बूथ कैप्चरिंग करने का प्रयास करे तो उसको सीधे गोली मार दी जाए।
कप्तान ने कहा यदि कोई किसी मतदाता को धमकी देकर वोट दिलाते हुए पकड़ा जाएगा, तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई होगी। कहा जिले के समस्त लोग शांतिपूर्ण मतदान करें और यदि कहीं कोई गड़बड़ी है तो इस बारे में मेरे सीयूजी फोन नंबर 9454400251 या फिर पुलिस के 100 नंबर पर सीधे फोन कर जानकारी दे सकते हैं।