क्षेत्र के सक्तूपुरवा गांव में बीती रात एक परिवार पर गांव के ही कुछ लोगों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने पहले युवक की पिटाई की उसके बाद भागते समय छप्पर नुमा घर में आग लगा दी। जब तक गांव के लोग कुछ समझ पाते आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
ग्रामीणों ने घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया है। मामला जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है। जबकि पुलिस ने घटना की जानकारी से ही इन्कार किया है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम सक्तूपुरवा मजरे सैलक जलालपुर निवासी छोटेलाल पुत्र मंशा की गांव के ही खेलावन, धनीराम व संतोष के बीच काफी समय से जमीन का विवाद चल रहा था।
दो दिन पूर्व दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। जिसकी खुन्नस निकालने के लिए दूसरे पक्ष के तीनों आरोपियों ने शुक्रवार की बीती रात करीब 11 बजे छोटेलाल के घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर पर सो रहे युवक पर हमला बोल दिया और जमकर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद जाते-जाते पीड़ित के घर में आग लगा दी।
आग लगने से छोटेलाल के घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। जब तक आस पास के लोग कुछ समझ पाते आरोपी युवक को जान सेे मारने की धमकी देकर भाग गए। ग्रामीणों ने घायल को आननफानन सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
शनिवार की सुबह पीड़ित के परिवारीजनों ने तीनों आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश व घर जलाने की तहरीर पुलिस को दी है। वहीं पुलिस इस मामले की जानकारी से ही इंकार कर रही है।