बाराबंकी। असंद्रा पुलिस ने एक बाग में दबिश देकर अवैध असलहा फैक्टरी पकड़ने का दावा किया है। दो आरोपियों को पकड़कर असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। कुछ तैयार तमंचे भी मिले हैं। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जेल भेज दिया गया है।
एएसपी (दक्षिणी) अशोक कुमार शर्मा ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली की इलाके के एक बाग में अवैध असलहे बनाए जा रहे हैं। इस पर टीम ने दबिश दी तो मौके पर शिवपलटन निवासी गांव पोराई, थानाक्षेत्र कोठी और मनीष कुमार निवासी गांव दुल्लापुर असलहे बना रहे थे। इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से पांच तमंचे, तीन कारतूस और असलहा बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि वे बाग और खेत जैसी सूनसान जगहों पर अवैध असलहे तैयार कर जिले और आसपास के जनपदों में बेचते हैं। एक असलहा दो से तीन हजार रुपये में बेचा जाता है। आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों का पुलिस पता लगा रही है।