पुलिस ने तीन बदमाशों को जेल भेजा
रतनपुरी। पुलिस ने वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए गए अभियान के तहत वांछित चल रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल सिंह चौहान ने बताया कि अभियान के तहत पुलिस ने गैंगेस्टर में वांछित चल रहे गैंग लीडर मेदू उर्फ उम्मीद अली पुत्र सफायत, निवासी गांव भनवाड़ा को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पुलिस ने सड़क हादसे के वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। बता दें कि 8 मार्च की रात को सठेड़ी गंगनहर पटरी मार्ग पर सरधना से वापस लौटती बरात की बोलेरो और डंपर के बीच हुई टक्कर में सहारनपुर के गांव रणखंडी निवासी पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में वांछित चल रहे डंपर चालक मेहताब पुत्र मीनूदीन निवासी गांव लुहारा, थाना सिंघावली अहीर, जिला बागपत को सठेड़ी गंगनहर पटरी से गिरफ्तार किया। इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य आरोपी को तमंचे और कारतूस के साथ पकड़ा। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के गांव समौली निवासी आरोपी पंकज पुत्र रतन सिंह को घनश्यामपुरा मोड़ से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस को गिरफ्तार युवक पंकज के पास से तमंचा और दो कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।