बाराबंकी। एक अस्पताल संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची स्वास्थ्य टीम उस समय हैरान रह गई जब देखा कि जहां पर अस्पताल का संचालन किया जा रहा था वहां पर ताला लगा हुआ है। जानकारी करने पर पता चला की अस्पताल संचालक कार्रवाई के भय से सारा सामान रात में ही समेट कर अपने कर्मचारियों के साथ फरार हो गया है। सीएचसी अधीक्षक ने पूरी जांच रिपोर्ट सीएमओ को भेज दिशा निर्देश मांगे हैं।
बतातें चले कि सूरतगंज क्षेत्र के लालपुर करौता में अमन अस्पताल नाम से अस्पताल का संचालन किया जा रहा था। यह अस्पताल बिना पंजीकरण के ही चल रहा था। अमर उजाला द्वारा इसकी खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। सीएमओ डॉ. रमेश चन्द्र ने सूरतगंज सीएचसी अधीक्षक को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए थे।
सीएमओ के आदेश पर टीम जब जांच को पहुंची तो अस्पताल संचालक अस्पताल में ताला डालकर भाग गया जिस पर टीम वापस लौट आई थी। शनिवार को टीम फिर जांच को पहुंची तो जिस दुकान में अस्पताल का संचालन किया जा रहा था वहां पर ताला लगा हुआ था। जानकारी करने पर बताया गया कि अस्पताल संचालक रात में ही अपने कर्मचारियों के साथ सारा सामान बटोर कर भाग गया। जानकारी करने पर बताया गया कि यह संचालक महमूदाबाद क्षेत्र में एक और अस्पताल संचालित कर रहा है।