चोरी की दस बाइक बरामद, दो गिरफ्तार
- क्राइम ब्रांच व कोतवाली शहर पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। क्राइम ब्रांच व कोतवाली नगर पुलिस ने बाइक चोरों पर शिकंजा कसते हुए चोरी की दस बाइकों समेत दो शातिर बदमाश गिरफ्तार किए है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।
एसपी अनिल कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में बताया कि क्राइम ब्रांच व कोतवाली शहर पुलिस ने बाइक चोरों का गिरोह पकड़ा है। पकड़े गए बदमाशों में उमेश रावत निवासी महोना थाना सतरिख व भुट्ठू यादव उर्फ निमेश यादव निवासीग ग्राम किशुनपुर मजरे अंबौर थाना सफदरगंज शामिल है। पुलिस ने शुक्रवार की भोर हैदरगढ़ अंडरपास के पास से मुठभेड़ में दोनों को पकड़ने का दावा किया है। इनके पास से चोरी की दस बाइकें, दो तमंचा, दो करातूस बरामद करने का दावा किया है। पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि यह सब लखनऊ, फैजाबाद, सीतापुर, रायबरेली आदि जनपदों से बाइक चोरी व लूट की वारदातों को अंजाम देते है। चोरी की बाइक ग्रामीण इलाकों में सस्ते दामों में बेचने की बात बदमाशों ने बताई है। पुलिस इनके गिरोह के अन्य बदमाशों का भी पता लगा रहा है। इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में शामिल स्वाट टीम प्रभारी विवेक सिंह, धीरेंद्र वर्मा, बृजनाथ द्विवेदी, इरशाद, मनीष दुबे, सुनील कुमार, इदरीश आदि पुलिस टीम की कप्तान ने सराहना की। इस मौके पर एएसपी दिगंबर कुशवाहा, सीओ सिटी आरएन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक बालकृष्ण व पीआरओ प्रमोद कुमार सिंह मौजूद रहे।