हादसे में मां की मौत, बेटा घायल
बाराबंकी। बाइक से जा रहे मां-बेटे को एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। हादसे में जहां मां की मौत हो गई वहीं बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम डफरापुर निवासी राजेश कुमार की पत्नी अनीता कुमारी (45) शनिवार को अपने पुत्र जितेंद्र उर्फ सोनू (19) के साथ बाइक से कोठी की ओर जा रही थीं।
तभी बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर सैदनपुर गांव के पास लखनऊ की ओर से आ रही एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे मां-बेटे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और घायलों को सीएचसी कोठी पहुंचाया। जहां मां-बेटे की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेज दिया। वहां इलाज के दौरान अनीता की मौत हो गई जबकि उसके बेटे जितेंद्र का इलाज चल रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने निजी एंबुलेंस को कब्जे में लेकर चालक रामविलास को हिरासत में ले लिया है। एसओ आरपी रावत का कहना है कि, मामले में कार्रवाई की जा रही है।