तमंचा दिखाकर प्रेमी युगल को लूटा
उन्नाव (नवाबगंज)। कानपुर हाईवे स्थित शहीद चंद्रशेखर पक्षी विहार घूमने आए प्रेमीयुगल से बदमाशों ने तमंचा लगा कर मोबाइल व नगदी लूट ली। बताया जाता है कि एक प्रेमीयुगल पक्षी विहार घूमने आया था। यह झील परिसर में बने पहले वॉच टॉवर के पास बैठे थे। यहां पहुंचे एक युवक ने तमंचे के दम पर प्रेमीयुगल से सोने की चेन व मोबाइल ले लिया। घबराए जोड़ों ने बगैर शोर मचाए सभी चीजें दे दीं। प्रेमीयुगल बगैर किसी को सूचना किए चले गए। पुलिस और पक्षी विहार प्रशासन ने घटना की जानकारी से इनकार किया है। वहीं पुलिस सूत्रों की मानें तो इस मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया था। कोई शिकायत न मिलने पर उसे छोड़ दिया गया। एसओ अनिल सिंह ऐसी किसी घटना की जानकारी से इनकार किया है।