लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस द्वारा शहर में हाईवे पर की जा रही वाहन चेकिंग के दौरान तीन वाहनों पर सवार किसानों से पुलिस ने करीब 61 किलो अफीम बरामद की गई। हालांकि किसानों ने बताया कि वह जिला अफीम कार्यालय पर तौल कराने के लिए अफीम लेकर जा रहे थे। किसानों ने इसके कागजात भी दिखाए है लेकिन इसके बावजूद जांच के लिए नारकोटिक्स टीम बुलाई गई है। पुलिस ने 18 किसानों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू की है।
बृहस्पतिवार की शाम शहर में रामनगर तिराहे के पास हाईवे पर सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह, कोतवाल धर्मेद्र सिंह रघुवंशी के द्वारा पुलिस टीम के साथ वाहन चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान तीन वाहनों पर चेकिंग के दौरान लोगों के पास से अफीम बरामद हुई तो पुलिस के होश उड़ गए। इन वाहनों पर करीब 18 लोग सवार थे और इनके पास करीब 61 किलो अफीम मिली है। हालांकि पूछताछ में सभी ने बताया कि वह किसान है और उनके पास अफीम खेती का लाइसेंस है अफीम तौल बारह अप्रैल से होनी है इसके लिए 11 अप्रैल की शाम को जिला अफीम कार्यालय में बुलाया गया था।
चेकिंग के दौरान तीन वाहनों में सवार लोगों के पास से भारी मात्रा में अफीम मिली है। पूछताछ में इन सभी ने बताया कि यह अफीम के लाइसेंसी किसान है और अफीम की तौल कराने के लिए जिला अफीम कार्यालय जा रहे थे। फिलहाल नारकोटिक्स टीम बुलाई गई है। यदि यह किसान है तो जांच के बाद सभी को छोड़ दिया जाएगा।
सुशील कुमार सिंह, सीओ सिटी