बैंक में रुपये जमा करने आए एक युवक की जेब काटकर जेबकतरों ने 57 हजार रुपये पार कर दिए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को देखा, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। क्षेत्र के ग्राम जियनपुर निवासी शंभू गुप्ता अपने पुत्र के साथ बैंक में पुरानी करेंसी के 57 हजार रुपये अपने खाते में जमा करने गया था।
आरोप है कि जब वह बैंक के भीतर लाइन में लगकर जमा काउंटर पर पहुंचकर पैसा निकालने के लिए जेब में हाथ डाला तो वह अवाक रह गया। जेब में पैसा न होने के साथ ही जेब कटी हुई थी। इसकी सूचना उसने बैंक प्रबंधन व पुलिस को दी।
इस संबंध में शाखा प्रबंधक (यूबीआई) रविकांत ने बताया कि बैंक के भीतर से कस्टमर की जेब कटने की सूचना पर पुलिस की मौजूदगी में सीसीटीवी फुटेज को देखा गया, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष देवा बीडी तिवारी ने बताया कि सूचना पर बैंक के सीसीटीवी फुटेज को देखा गया है। मामले की पड़ताल की जा रही है।