अब तो बस चांद का इंतजार, बाजार में बढ़ी चहल पहल
- नए लुक्स में दिखने को हर कोई बेताब
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। ईद को लेकर बाजार से लेकर शॉपिंग माल में चहल पहल बढ़ गई है। अब तो बस चांद के दीदार का इंतजार है। बच्चों में खास कर उत्साह देखा जा रहा है। चांद के दीदार हो लेकर उहापोह की स्थिति बनी हुई है लेकिन ईद की खुशियां चहुंओर दिखाई देने लगी हैं। इससे इतर ईद पर अपने को खास दिखाने के लिए कुछ अलग तरीके के परिधानों को बाजार में तलाशने की होड़ महिलाओं व युवाओं मेें दिखी। लेटेस्ट कलर व डिजाइन के कपड़े, चूड़ियां व फुटवियर की मांग दुकानों पर होती दिखी। हर कोई यूनिक पीस की तलाश में था। तो किड्स की दुकानों पर भी महंगे कपड़ों की डिमांड देखी गई। युवतियां व महिलाएं मोबाइल पर फिल्मी कलाकारों की डाउनलोड की गई ड्रेसों की मैचिंग मिलाने में तल्लीन दिखीं।
बाजीराव मस्तानी सूट की डिमांड
बाजार में खासकर सेवई, खोआ, कुर्ता पैजामा, शृंगार, परफ्यूम, चूड़ी आदि की दुकानों पर भीड़ अधिक रही। बाजार में ज्यादातर महिलाएं व बच्चे इंडो वेस्टर्न व लेनिन का कुर्ता पैजामा व युवतियां बाजीराव मस्तानी सूट, प्लाजो, कुर्ती आदि खरीदते दिखाई दिए। कपड़ा व्यवसायी पवन जैन ने बताया कि शहर में सजे बाजार में फिल्मों का काफी असर है। बार्बी गाउन व बाजीराव मस्तानी सूट गर्ल्स की पहली पंसद है। इसके अलावा प्लाजो, डब्लू की कुर्तियां, पोचू वाला गाउन की खूब डिमांड है।टोपी की दुकानों पर बच्चों की ही नहीं, बड़ों की भी भीड़ रही।
प्रेम रतन चूडिय़ों की धूम
शमा बैंगिल्स के इरफान अली बताते हैं कि वेलवेट चूडिय़ां, ओके जानू, वेलकम टू, चांदी-चांदी, इश्क जादे, मोहिनी, जियो की कई वैरायटी जहां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। वहीं चूडियों में प्रेम रतन की धूम मची हुई है। आर्टिफिशियल गहनों के विक्रेता परवेज बताते हैं कि इस बार गोल्डेेन कलर में आया ब्रेसलेट खरीदने में युवतियां काफी दिलचस्पी ले रही हैं।
ईद में सेंवई बढ़ाएगी मिठास
ईद में सेंवइयों का अपना अलग ही महत्व रहता है। सेवई विक्रेता रहमान कहते हैं कि सेंवइयों को आज भी उतना महत्व देते हैं जितना सदियों पहले था। बाजार में लच्छेदार व सफेद सेंवई ईद को मिठास देने के लिए सजी हैं। इसके अलावा खोआ बाजार में लोगों की भीड़ जुटी रही।
मेंहदी लगवाने के लिए होड़
ईद पर हाथों में मेहंदी का अपना अलग ही क्रेज रहता है। घंटाघर, छाया चौराहा, लखपेड़ाबाग, बेगमगंज समेत कई पार्लरों पर मेंहदी लगवाने के लिए रविवार का समय लेने के लिए होड़ मची रही। ज्यादातर लोग मेंहदी रविवार को ही लगवाना चाह रहे हैं। शनिवार को फेशियल, मसाज आदि के लिए ब्यूटी पार्लर में युवतियों व महिलाओं की भीड़ जुटी रही।