कोठी थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी से झाड़-फूंक व पूजा-पाठ से बीमार बेटे को ठीक करने का झांसा देकर एक तांत्रिक बाबा ने चार हजार रुपये ठग लिये, और फरार हो गये। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की है।
इसरौली सारी निवासी औसान का 11 वर्षीय पुत्र कुलदीप लगभग 3 माह से बीमार है औसान ने उसका काफी इलाज करवाया परन्तु लाभ नहीं मिला। देवगहना निवासी तांत्रिक कल्लू बाबा पुत्र रामरूप एक माह पूर्व उसके घर आया और बताया कि तुम्हारे घर में जीवधारी माया है और उस पर काले सर्प का पहरा है।
वो तुम्हारे घर में ही मौजूद है। जब तक ये यहां से नहीं हटेगी तब तक तुम्हारा पुत्र नहीं ठीक होगा। ये सुनकर औसान घबरा गया और उसने बचाव का उपाय पूछा तो तांत्रिक ने बताया कि इसे हटाने के लिए 11 घंटे लगातार हवन कर मंत्रों का जाप करना पड़ेगा तभी इससे मुक्ति मिलेगी।
यह हवन करने के लिए 4 हजार 11 रुपये का खर्च लगेगा। दूसरे दिन औसान ने रुपयों की व्यवस्था कर तांत्रिक बाबा को दे दिया। तभी से ढोंगी बाबा फरार हो गया। शनिवार को पीड़ित औसान ने पुत्र की बीमारी को ठीक करने के लिए 4 हजार रुपये कल्लू बाबा द्वारा ठगने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष रायसिंह यादव का कहना है कि शिकायत मिली है। पूरे प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।