20 युवकों से नौकरी के
नाम पर 6 लाख की ठगी
- टिकैतनगर थाना क्षेत्र में पीड़ितों ने पुलिस से की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
टिकैतनगर(बाराबंकी)। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बीस युवकों से छह लाख रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। इसके बाद शातिर जालसाज युवकों का पैसा और पासपोर्ट लेकर फरार हो गया। इसकी शिकायत पीड़ितों ने पुलिस से की है।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कस्बा इचौली निवासी फुरकान अहमद का आरोप है कि कुछ समय पहले थाना क्षेत्र के ही ग्राम सराय नेता मऊ निवासी इमरान से मुलाकात हुई थी। उसने ने फुरकान को बताया कि वह लोगों को विदेश में हज यात्रियों की खिदमत की नौकरी दिलाने का काम करता है। इस पर फुरकान ने अपने जानने वाले रिश्तेदारों से बातचीत की। इस पर लगभग बीस युवक नौकरी के लिए राजी हो गए। सभी को बुलाया और इमरान से मुलाकात कराई। पीड़ित फुरकान का कहना है कि टिकट के लिए प्रत्येक युवक से तीस हजार रुपये और पासपोर्ट की मांग की। सभी युवकों को विदेश भेजने के नाम पर तीस हजार रुपये जमा कराने की बात फाइनल हुई। इसके बाद फुरकान ने सभी युवकों को रुपये की व्यवस्था करने के लिए कहा। सभी ने तीस-तीस हजार रुपये व पासपोर्ट इमरान के घर जाकर दे दिए। इमरान ने 15 जुलाई तक सऊदी भेजने को कहा था। लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी जब उसने इन लोगों से मुलाकात नहीं की तो फुरकान को शंका हुई वह उनके घर पहुंचा तो इमरान ने वहां भेजने में असमर्थता जताई। इस पर फुरकान ने अपनी शुऐब, उजेर, मुशीर अहमद, रियाज, इमरान, जाबिर, आदिल, वैश, महबूब सहित बीस लोगों द्वारा दिया गया पैसा करीब 6 लाख रुपया व पासपोर्ट वापस मांगा तो इमरान ने थाना व कस्बा सतरिख निवासी एजेंट मुशीर को पैसा व पासपोर्ट देने की बात बताई। पीड़ित जब मुशीर के घर पहुंचा तो वह मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिली है मामले की जांच की जा रही है।