युवक की हत्या कर खेत में शव जलाया
बाराबंकी। जैदपुर क्षेत्र में एक युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को जला दिया गया। अधजला शव मेंथा के खेत में फेंक दिया गया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई जब ग्रामीण खेत की तरफ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। मौके पर जमा ग्रामीण भी उसे पहचान नहीं पाए। इससे माना जा रहा है कि बाहरी युवक को वहां लाकर जलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है।
पुलिस के मुताबिक जैदपुर थानान्तर्गत बंगला बाजार गांव के पास मेंथा के खेत में शनिवार सुबह एक युवक का जला शव मिला। शव देख ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक अमरेश सिंह व सीओ सदर राजेश कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। युवक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है। शव के पास ही सरसों के सूखे डंठल जले पड़े थे। इससे माना जा रहा कि सरसों के डंठलों से शव जलाया गया। पुलिस के पहुंचने तक खेत में ग्रामीण की भीड़ जमा हो गई लेकिन कोई भी युवक की पहचान नहीं कर सका। आशंका यह भी जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया गया है।
कुछ ही दूर है पुलिस बूथ
घटनास्थल से कुछ दूरी पर पुलिस बूथ है। बूथ पर पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। पुलिस शव को एक-दो दिन पुराना मान रही है। ऐसे में लोगों ने ने पुलिस कर्मियों की सक्रियता पर सवाल उठाया है।
हर बिंदु पर हो रही जांच
जैदपुर में करीब 30 वर्षीय युवक का अधजला शव में मिला है। युवक की हत्या किए जाने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ हर बिंदु पर जांच की जा रही है।
-आरएस गौतम, एएसपी, उत्तरी