कुएं में मिला लापता अधेड़ का शव
अमर उजाला ब्यूरो
त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। रविवार की रात से घर से लापता एक व्यक्ति का शव सड़क के निकट कुएं में पड़ा पाया गया है। बताया जा रहा है कि अधेड़ की मौत कुएं में गिरकर हो गई है। पुलिस को सूचना देकर परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सोमवार की सुबह लोनीकटरा थाना क्षेत्र के बलाखेड़ा गांव निवासी गंगाराम (50) पुत्र भभूती का शव गांव के बाहर सड़क मार्ग के निकट कुएं में पड़ा पाया गया। घर से लापता होने पर तलाश कर रहे परिवारीजनो ने जानकारी होने पर घटना की सूचना पुलिस को दी। भाई पूर्व प्रधान सियाराम ने बताया मृतक की पुत्री गीता का विवाह तय होने पर सोमवार को ही वरीक्षा चढ़ाने जाना था जिसकी तैयारी में परिवार के लोग व्यस्त थे। इसी दौरान सुबह घर में नहीं होने पर तलाश की जा रही थी। बताया मृतक काफी समय से मानसिक तौर पर विक्षिप्त थे। रात को घर से निकलकर कुएं में गिरने से मौत होने की आशंका जताई है। परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। हालांकि अब मृतक के बेटी के विवाह की तैयारियां शोक में बदल गईं और कार्यक्रम नहीं हो सके हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक बीपी यादव ने कहा कि दुर्घटना से मौत होने पर परिवारीजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते थे।